शनिवार, 13 फ़रवरी 2010

शनि कठोर शासक-उदार देवता


शनि महाराज कठोर नहीं हैं
भय की उत्पत्ति कैसे हुई? भय का कारक मन है। मन चंचल है। शंकालु है। भय के बिना प्रीति नहीं होती। यदि कहें कि ईश्वर नहीं है। तुम्हारा कुछ नहीं बिगड़ेगा। तुम नहीं मरोगे। घर में क्लेश नहीं होगा। धन-धान्य के साथ तुम सदा ही सुख शांति से जीवन व्यतीत करोगे। तो शायद कोई भी ईश्वर की शरण में न जाए। लेकिन यह कपोलकल्पित अवधारणा होगी। जो शाश्वत है, उसको स्वीकारना होगा। सत्य है कि जो आया है, वह जाएगा भी। इसी प्रकार यह भी सत्य है कि लोक-प्रशासन फूलों से नहीं चला करता। अगर फूलों से चला होता तो दंड की आवश्यकता ही नहीं होती। न अदालतें होतीं, न सामाजिक पंचायतें होतीं, न कानून होता, न जेल होती और न होती पुलिस-सेना। यानि सत्ता-प्रशासन के लिए दंड को प्रबल माना गया। संभवतया यही कारण रहा होगा कि दंड (लाठी-डंडा-स्टिक-शस्त्र-अस्त्र) राजा-महाराजा से लेकर पुलिस और सेना तक आजतक है। किसी भी सैन्य और पुलिसकर्मी की पहचान उसके दंड से है। राजा की भी पहचान दंड से है। सत्ता की पहचान भी दंड से है। देश की पहचान वहां की सामाजिक व्यवस्था और दंड विधान से है। हर देश की दंड संहिता है। ऐसे में यदि तीनों लोकों की दंड संहिता शनिदेव के पास है, तो वह क्रूर कैसे हुए?
एक बार लक्ष्मी जी ने यही सवाल शनि देव से किया। लक्ष्मी जी ने पूछा-शनिदेव, आपको लोग क्रूर कहते हैं? कहते हैं कि आप किसी के साथ भी रियायत नहीं करते। ऐसा क्यों है? शनिदेव ने कहा कि मुझको तीनों लोकों का दंडाधिकारी बनाया गया है। मैंं ही रियायत करने लगा तो प्रशासन कैसे चलेगा। लक्ष्मी जी बोली-मृत्युलोक तो ठीक है, लेकिन तुम तो देवताओं पर भी कृपा नहीं करते। शनिजी ने प्रत्युत्तर दिया-मृत्युलोक से अधिक दंड का प्रावधान तो देवलोक में होना चाहिए।
शनि महाराज दंडाधिकारी तो हैं लेकिन क्रूर शासक नहीं। दुर्भाग्यवश, उनको आज क्रूर शासक कहकर प्रचारित किया जाता है। क्रूर शासक कभी भी अत्याचारी, अनाचारी, पापियों को सजा नहीं देता। वह स्वयं ही गलत होता है तो वह गलत लोगों को ही प्रश्रय देता है। लेकिन शनि महाराज तो ऐसे नहीं हैं? वह तो गलत चीज को सहन ही नहीं करते। वह अनाचारी और पापियों को सजा देते हैं। दंड तो उन्होंने सभी को दिया। देवताओं को भी दिया। शंकर जी के वह प्रिय हैं, लेकिन शंकर जी भी शनि महाराज से नहीं बच सके। राजा दशरथ भी नहीं बच सके। रावण और कंस को भी नहीं बख्शा। कहते हैं, शनि और राहू की युति से ही भगवान श्रीकृष्ण किसी एक स्थान पर नहीं रहे, उनको विचरण करना पड़ा। शनिजी के चरित का एक ही सार है-परहित सरिस धर्म नहीं भाई। परहित करने वाले से वह प्रसन्न होते हैं। परपीड़ा सहन नहीं। राजा हो या दंडाधिकारी-उसका चरित्र ऐसा ही होना चाहिए। धर्म की तीसरी अवधारणा ही दंड है। भाव यह है कि दंड बिना धर्म की भी रक्षा नहीं होती।

शनि के स्वभाव
शनि महाराज सूर्य के पुत्र हैं। सूर्य से इनकी पटती नही है। खगोलीय हिसाब से भी देखें तो इन दोनों (पिता-पुत्र) ग्रहों के बीच बहुत दूरी (८८ करोड़ 61 लाख मील) है। एक पूरब तो एक पश्चिम। इनका रंग काला और दिन शनिवार है। इसकी गति बेहद मंद है। इस कारण समस्त काम मंद गति से ही पूरे होते हैं। बनते-बनते काम बिगड़ जाते हैं। अनावश्यक भय और शत्रु पीड़ा होती है। जमीन-जायदाद के झगड़े, व्यापार में नुकसान, विवाह में अड़चन और प्राकृतिक आपदा होती है। शारीरिक कष्टï खासतौर पर हड्डिïयों से संबंधित रोग होते हैं।
शनि करे सबकी खैर
-----------
आजकल, शनिदेव को लेकर कई भ्रांतियां हैं। लगता है, मानो शनि सबका काम बिगाडऩे के लिए ही हैं। शनि से भयभीत लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। शनि किसी को भयभीत करने के लिए नहीं है। भय तो जातक के अंतर मेंं है। उससे बेहतर कौन जान सकता है कि उसके कर्म क्या हैं? वह लोगों को धोखा दे रहा है या अपना हित साध रहा है। स्वार्थी, परपीड़क, भोगी-विलासी, क्रूर, अनाचारी पर अंकुश रखते हैं शनिदेव। आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक तीनों के केंद्र में रहने वाले शनि देव मुख्यतया प्रकृति और प्रवृत्ति के देवग्रह हैं। फिर चाहे, वह समाज हो या व्यवस्था। वह संतुलन के देव हैं। नेतृत्व करने वाले, समायोजक और दंडाधिकारी। इसको इस प्रकार भी कह सकते हैं कि वह सुुप्रीम कोर्ट है। जिस प्रकार सर्वोच्च अदालत विधि संहिता का पालन करते हुए गुण-दोष की विवेचना करते हुए अपना फैसला सुनाती है और दंड निर्धारित करती है, उसी प्रकार शनि देव की अदालत है। किसी के साथ रियायत नहीं। राजा हो या रंक।

शनि देव के उपाय
------------
-शनि देव को प्रसन्न करने के लिए शनि, काली, भैरव, भगवान शंकर और हनुमानजी की पूजा करें।
(ये समस्त देव कल्याण, मोक्ष और संकटमोचक हैं। आपकी पैरवी करने वाले वकील जानिए। )
-प्रति शनिवार कांसे की कटोरी में सरसो का तेल डालकर उसमें अपनी छवि देखकर छाया दान करें।
(भाव यह हैकि अपना चेहरा देख लीजिए, कैसे हैं आप? याचना करिए, शनिमहाराज,मेरे पापों को दूर करो।)
पीपल के वृक्ष पर सरसो के तेल का दीपक जलाएं।
(यह मोक्ष का आधार है। पीपल में ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास है। जीवन की तीन अवस्था और त्रिदेव।)
-पीपल पर ग्यारह लोटे जल चढ़ाएं।
-शनिवार का व्रत करें। लोहे का छल्ला पहनें।
-शनि चालीसा, शनि कवच और सुंदरकांड का पाठ करें।
-शनि की काले तिलों और गुड़ से पूजन करें।
मंत्र:
-ऊं शं शनिश्चराय नम:
-ऊं प्रां प्रीं प्रौं स: शनिश्चराय नम:।
शनि
----
-पृथ्वी से शनि की दूरी ७१ करोड़ ३१ लाख ४३ हजार मील है।
-शनि का व्यास ७५ हजार १०० मील है।
-यह छह मील प्रति सेकेंड की गति से २१ साल में सूर्य की परिक्रमा करता है। (इसलिए रिजल्ट भी देरी से आते हैं।)
-शनि के चारों ओर सात वलय और १५ चंद्रमा हैं।
-सूर्यकांत द्विवेदी

4 टिप्‍पणियां:

  1. आप सभी का आभार। स्नेह बनाए रखें। माधवजी के संग। पाती के संग। प्रेम के संग। प्रेम ही तो है जो दुबई से भी प्रेम मिला। मुंबई से भी और मध्य प्रदेश से भी।

    जवाब देंहटाएं
  2. madhav ki baat sunne ke liye aapke blog par aaya hun, baat mili shani dev ki, jai shanidev , asha hai agli post men madhav ki prapti hogi. dhanyawaad,

    swapnyogesh.blogspot.com

    जवाब देंहटाएं